बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की मदद कर पुलिस ने जीता लोगों का दिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नगर निगम चुनाव के दौरान पंचकूला पुलिस सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था संभालती ही नहीं दिखी, बल्कि कई मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद मतदाताओं की मदद कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय भी दिया। पुलिस कर्मियों ने मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने और मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाई।
जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पुलिस कर्मचारी बुजुर्ग मतदाताओं को सहारा देकर बूथ तक ले जाते नजर आए। वहीं दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। महिला मतदाताओं और जरूरतमंद लोगों को भी मतदान के दौरान हरसंभव सहयोग दिया गया, ताकि सभी लोग बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
एसीपी विक्रम नेहरा ने बताया कि पंचकूला पुलिस ने चुनाव ड्यूटी के दौरान केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए सेवा भाव का भी परिचय दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में हर मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कर्मियों ने संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।े