पंचकूला। सेक्टर 15 में एक बैंक के एटीएम से पैसा निकालने गए बुुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर 70 हजार रुपये निकाल लिए। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर 14 पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 15 निवासी 76 साल के बुजुर्ग ने बताया कि 29 जुलाई की दोपहर 2 बजे सेक्टर 15 की मार्केट के एटीएम से वह पैसा निकालने गए थे और 10 हजार रुपये निकाला भी।
एटीएम से बाहर आते ही वहां पर एक व्यक्ति मिल गया और उसने कहा कि एटीएम मशीन में ट्रांजेक्शन पूरी नहीं हुई है और खाता खुला हुआ है। आरोपी ने बुजुर्ग को भरोसे में लेकर उनसे एटीएम कार्ड लिया और एटीएम के पास जाकर वापस बुजुर्ग को उनका एटीएम कार्ड दे दिया। उसके बाद बुुजुर्ग अपने घर चले गए। अगले दिन 30 जुलाई को उनके मोबाइल पर 70 हजार रुपए डेबिट का मैसेज आया। जिसके बाद वह तुरंत बैंक में गए तो उनके एटीएम को बदले जाने के बारे में पता चला। ब्यूरो