पंचकूला। मोबाइल नंबर पर संपर्क कर बैंक खातों से ऑनलाइन लाखों रुपये निकालने वाले साइबर अपराधियों ने एक और वारदात को अंजाम दिया है। इस बार उनके झांसे में पंचकूला के सेक्टर-19 निवासी एवं सेक्टर-9 रेहड़ी मार्केट की दुकान नंबर-82 में राज रेफ्रिजरेटर इलेक्ट्रिकल्स के मालिक राज कुमार आहूजा फंसे। साइबर अपराध को अंजाम देने वाले आरोपी ने राज कुमार आहूजा के बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। सेक्टर-5 पुलिस ने केस दर्ज कर राज कुमार आहूजा द्वारा बताए मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को 14 जून को दी शिकायत में बताया कि उन्हें मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने उनसे कहा कि उसे एक फ्रिज खरीदना है। फ्रिज की खरीद के पैसे कॉलर ने उन्हें गूगल-पे करने की बात कही। कुछ देर बाद कॉलर के किसी साथी ने राज कुमार को कॉल की और कहा कि वह उन्हें दस हजार रुपये डाल रहा है। पहले आरोपी ने पांच रुपये की पेमेंट की और फिर उसने तीन बार रिक्वेस्ट भेजी कि वह पैसे डाल रहा है। आरोपी ने दस-दस हजार रुपये और पांच हजार रुपये की तीन रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद आरोपी ने राज कुमार आहूजा के अकाउंट से 25 हजार रुपये साफ कर डाले। इसके बाद राज कुमार ने बैंक ऑफ बड़ौदा की हेल्पलाइन पर शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनका खाता बैंक की सेक्टर-11 की ब्रांच में है। शिकायत पर 17 जून को धोखाधड़ी की धारा के तहत केस दर्ज कर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।