हवा तेज होने से कोहरे में आई कमी, पहाड़ों में बर्फबारी का मैदानी इलाकों पर असर
दिन-रात दोनों समय ठंडक, तापमान में गिरावट दर्ज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक सप्ताह तक ठंड का असर रहेगा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। सोमवार को सुबह से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। हवा तेज होने के कारण अन्य दिनों की तुलना में कोहरा कम रहा। मौसम साफ रहने से वायु गुणवत्ता सूचकांक रविवार के मुकाबले 339 से घटकर 254 दर्ज किया गया। हालांकि यह अब भी बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है।
हवा चलने के कारण दिन और रात दोनों समय सर्दी महसूस की गई। दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही धूप खिली रही, जिसके चलते लोग पार्कों में टहलते नजर आए, लेकिन हवा के कारण ठंड का असर बना रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन और रात हवा चलने से ठंडक बनी रहेगी। आने वाले एक सप्ताह तक सर्दी का असर जारी रहने की संभावना है, हालांकि अगले दो दिनों में कोहरे का प्रभाव कुछ कम रह सकता है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी संभव है। उन्होंने बताया कि फिलहाल एक्यूआई में कुछ गिरावट जरूर आई है, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी चिंता का विषय बना हुआ है।
इस तरह बदल रहा है प्रदूषण का स्तर
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पंचकूला क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी सुधीर मोहन के अनुसार 17 दिसंबर के बाद से शहर का एक्यूआई लगातार उतार-चढ़ाव के साथ बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है।
इस तरह बदल रहा एक्यूआई
17 दिसंबर: एक्यूआई 330
18 दिसंबर: एक्यूआई 346
19 दिसंबर: एक्यूआई घटकर 145
20 दिसंबर (शनिवार): एक्यूआई बढ़कर 361
21 दिसंबर (रविवार): एक्यूआई 339
सोमवार: धूप और हवा के बाद घटकर 254