पंचकूला। वाइल्ड वुड्स वाॅरियर्स ने वीरवार को पंचकूला के ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे चंद्रशेखर आजाद टी- 20 टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए हीम्स हॉक्स को 35 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वाइल्ड वुड्स वाॅरियर्स ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 179 रन बनाए, जिसमें नाबाद निपुण शारदा (39 गेंद पर 64 रन) ने छह चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद नाबाद चिरागवीर ढींडसा 12 गेंद पर 28 रन की शानदार पारी ने बल्लेबाजी को और मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
हीम्स हॉक्स के गेंदबाज गौरव गंभीर ने 23 रन देकर दो विकेट और कप्तान शिवम भांबरी ने 12 रन लेकर दो विकेट लिए। जवाब में हॉक्स को वारियर्स के अनुशासित गेंदबाजी के सामने संघर्ष करना पड़ा और वे 20 ओवर में आठ विकेट पर 144 रन ही बना पाए। निखिल ठाकुर और जशनजोत ने 29-29 रन जोड़े। चिरागवीर ढींडसा के 14 रन देकर तीन विकेट लेकर वाॅरियर्स के लिए जीत सुनिश्चित की। नील धालीवाल ने 21 रन पर दो विकेट और निपुण शारदा ने 11 रन पर एक विकेट लेकर गेंद से महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दिन के दूसरे मैच में, सिटी चैलेंजर्स ने तलनोआ टाइगर्स पर 9 रन की रोमांचक जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिटी चैलेंजर्स ने कप्तान अमृत लुबाना के नाबाद 58 और निखिल कुमार के 28 गेंद पर 48 रन की धमाकेदार पारी की बदौलत छह विकेट पर 180 रन का स्कोर बनाया। गेंदबाजों में करण सिंह तीन विकेट लेकर 40 रन देकर सबसे सफल रहे।
तलनोआ टाइगर्स ने कप्तान अर्जुन आजाद (45), तरनप्रीत (41) और देवांग कौशिक (41) के साथ कड़ी टक्कर दी, लेकिन 8 विकेट पर 171 पर ही सिमट गए। गेंदबाज सुकर्ण सिंह ने 32 रन देकर दो विकेट और आर्यन दुग्गल ने 25 रन देकर दो विकेट लिए। इसमें बतौर मुख्य अतिथि सीआईएसएफ के सीनियर कमांडेंट जी भुवनेश कुमार, यूटी समाज कल्याण और हाॅस्पिटेलिटी सचिव अनुराधा चगती, यूटी टूर्नामेंट के अध्यक्ष डॉण रूपेश सिंह, यूटीसीए के कोषाध्यक्ष सीए आलोक कृष्ण और अन्य की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया।