बरवाला। त्योहारों के सीजन में मिठाई खरीदते समय ग्राहक डिब्बे के वजन के नाम पर ठगी का शिकार न हों, इसके लिए मापतौल विभाग ने दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने उप नियंत्रक के निर्देश पर बीकानेर स्वीट्स, माडू राम स्वीट्स, वीटा मिल्क बार, शर्मा स्वीट्स और सैनी मिष्ठान भंडार सहित विभिन्न दुकानों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच की।
इस दौरान ग्राहकों को जागरूक करते हुए बताया गया कि मिठाई खरीदते समय डिब्बे का वजन अलग करवाएं और भुगतान केवल मिठाई के वास्तविक वजन के अनुसार करें। दुकानदारों को भी डिब्बे का वजन मिठाई के वजन में शामिल न करने के निर्देश दिए गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि मिठाई तौलने के लिए विभाग से सत्यापित इलेक्ट्रॉनिक कांटों का इस्तेमाल अनिवार्य है। बिना सत्यापन वाले कांटे इस्तेमाल करने पर दुकानदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विभाग के सहायक अश्वनी कुमार भी मौजूद रहे।