पंचकूला। जागृत ब्राह्मण सभा के 29 नवंबर को होने वाले चुनाव को लेकर प्रधान पद के उम्मीदवार एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महावीर कौशिक ने अपनी टीम के साथ संकल्प पत्र जारी किया।
उन्होंने समाज के सदस्यों से अपनी टीम के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए समाज को एकजुट करने, युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर देने और सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को मजबूत करने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
महावीर कौशिक ने कहा कि गरीब और मेधावी विद्यार्थियों को नीट, आईआईटी, जेईई, एचसीएस और आईएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षा और कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए सरकार से जमीन लेकर चंडीगढ़ और पंचकूला में छात्रावास व कोचिंग सेंटर बनवाने का प्रयास होगा।
उन्होंने कहा कि दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर भगवान परशुराम भवन का पूर्ण नवीनीकरण करवाया जाएगा। यहां डायग्नोस्टिक सेंटर और आधुनिक पुस्तकालय बनाया जाएगा। भगवान परशुराम चौक का भी दोबारा सौंदर्यीकरण करवाने का वादा किया।
संकल्प पत्र में विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए वैवाहिक वेबसाइट और परिचय सम्मेलन शुरू करने, गुरुकुल को आर्थिक सहायता देने और गोशाला को सहयोग जारी रखने की बात कही गई।