-पत्नी की हत्या कर भागा था पति, चार साल बाद अदालत ने सुनाई सजा, 50 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया
-चरित्र पर शक के चलते ईंट से सिर पर किया था वार, वारदात के समय बच्चे थे मौजूद
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पत्नी के चरित्र पर शक में ईंट से सिर पर वार कर हत्या करने वाले पति को जिला अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। चार साल पुराने इस मामले में मृतका के नाबालिग बेटे की गवाही अहम साबित हुई। बेटे ने अदालत में बताया कि उसके पिता ने ही ईंट से वार कर मां की हत्या की थी। अदालत ने दोषी सरवन बिंड पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
मामला 8 जुलाई 2022 का है। सरवन मूल रूप से बिहार के पटना जिले के गांव मधुबन पथराहट का रहने वाला है। वह रायपुर रानी स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था और परिवार के साथ वहीं बनी झुग्गी में रहता था। पुलिस जांच में सामने आया था कि सरवन पत्नी ममता के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। वारदात वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में सरवन ने ममता के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अगली सुबह पड़ोस की झुग्गी में रहने वाले धनंजय ने सरवन के बच्चों को बाहर रोते देखा। वह अंदर पहुंचा तो ममता का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। सरवन भी मौके पर मौजूद था। उसने धनंजय को बताया कि रात को झगड़े के दौरान उसने ईंट मारकर पत्नी की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक सरवन फरार हो चुका था। रायपुर रानी थाना पुलिस ने जुलाई 2022 में हत्या का मामला दर्ज कर बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया था।
बेटे ने अदालत में पिता के खिलाफ दी गवाही
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील प्रदीप शर्मा ने दोषी के अपराध को गंभीर बताते हुए कड़ी सजा देने की मांग की। मृतका के नाबालिग बेटे ने अदालत में गवाही दी कि उसके पिता ने ही मां के सिर पर ईंट से वार किया था। अदालत ने गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर सरवन को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।