पंचकूला। वार्ड नंबर-4 की पार्षद सोनिया सूद का कहना है कि जल्द ही पंचकूला सेक्टर-8, 9 और 10 के पार्कों के दिन बहुरेंगे। सेक्टर-10 में पार्क डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सेक्टर के लोगों ने कई बार उनसे पार्कों की समस्या बताई थी। इसी कारण आज दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
सभी पार्कों की मरम्मत, रंग-रोगन और जरूरी सुविधाएं प्रदान कर उनको सुंदर बनाया जाएगा। पार्क कमेटी के प्रधान कर्नल पीएस गोयल, महासचिव कुसुम अरोड़ा, कोषाध्यक्ष कुलदीप कौशल और सहसचिव जेआर सिंगला ने बताया कि पार्कों में फुटबाल, क्रिकेट, कुत्तों को घुमाने, साइकिल चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इससे सैर करने वालों और वरिष्ठ नागरिकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
हाउस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-10 के चेयरमैन भारत हितैषी द्वारा सेक्टर-10 में जलभराव की समस्या उठाने पर पार्षद सोनिया सूद ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। इस सभा में आरके जैन, मुकेश दीवान, सीएल धमीजा, अशोक हांडा, विनय मल्होत्रा, कृष्ण हुड्डा, शिव कौशल, एमएल जैन, आरएन गोयल, मुकेश गर्ग, डीआर सिंगला, एसके गुप्ता, अभय जैन, एनके खोसला, डीएस चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।