पिंजौर। अमरावती एनक्लेव रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन व अमरावती फ्लैट्स रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से वनखंडी दुर्गा माता मंदिर धर्मशाला में अभिनंदन समारोह करवाया गया। इस दौरान पंचकूला मेेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि चंडीमंदिर में पंचकूला कॉरपोरेशन की 290 एकड़ जमीन है। पिंजौर-कालका और आसपास के क्षेत्र के युवाओं के लिए एजुकेशन हब बनाने के लिए वे करोड़ों रुपये का प्रोजेक्ट लेकर आएंगे। इसकी शुरुआत चंडीमंदिर से की जाएगी।
इस दौरान कालका की पूर्व विधायक व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा लतिका शर्मा की उपस्थिति में प्रधान शमशेर शर्मा, तरसेम गुप्ता सहसंयोजक जिला व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, बीजेपी जिलाउपाध्यक्ष संजीव कौशल, अशोक कुमार, मुकेश कंसल, कृष्ण लाल लांबा, मंडल अध्यक्ष नराताराम, फतेह सहित अन्य लोगों ने नवनिर्वाचित मेयर कुलभूषण गोयल को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर फतेह सिंह, गुरदेव, सुरिंद्र छिंदा, वित्तसचिव रंजन वर्मा, सुभाष चंद्र छाबड़ा, नरेश मेहता, नवीन वत्स, देवेंद्र सिंह, अरुण त्रिपाठी, आशीष भुगरा, अशोक अरोड़ा उपस्थित रहे।
आवारा कुत्तों, बंदरों की समस्या उठाई
इस अवसर पर प्रधान शमशेर शर्मा ने अमरावती एनक्लेव की कई मांगों को उठाया। इसमें उन्होंने आवारा कुत्तों, बंदरों की समस्या से निजात दिलवाने, अमरावती एनक्लेव को नगर निगम में शामिल करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कालका विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा टैक्स अमरावती एनक्लेव के लोग खर्च करते हैं, लेकिन सरकार की ओर से एक रुपया भी इसके विकास पर खर्च नहीं किया जा रहा। मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि अमरावती में रहने वाले लोग मेरा परिवार हैं और इनकी समस्याओं को हल करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।