चंडीगढ़ स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई वाटर वेंडिंग मशीन ने अब काम करना शुरू कर दिया है। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को सस्ते दर पर मिनरल वाटर मिल रहा है।
रेलवे की ओर से लगाए गए वाटर वेंडिंग मशीन का उद्घाटन जून में रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने किया था। उसके बाद वाटर वेंडिंग मशीन एक दिन भी नहीं चल पाई। मशीन पर ताला जड़ा था। क्योंकि बिजली सप्लाई के लिए केबल नहीं डाले गए थे। मशीन का रेल मंत्री द्वारा उद्घाटन करवाने के लिए बिजली सप्लाई की अस्थायी व्यवस्था की गई थी।
यात्रियों की शिकायत पर इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद महकमा हरकत में आया और अब स्टेशन पर यात्रियों को सस्ते दर में मिनरल वाटर मिल रहा है।
छह मशीन लगाने की योजना
रेलवे स्टेशन पर छह वाटर वेडिंग मशीन लगाने की योजना थी। अभी सिर्फ प्लेटफार्म नंबर एक पर लगा है।
आधी से भी कम कीमत पर शुद्ध पानी
वाटर वेंडिंग मशीन से मिलने वाले पानी की कीमत स्टेशन पर मिलने वाले अन्य मिनरल वाटर की कीमत से कम है। इस मशीन से यात्री अपने बाटल में पानी ले सकते हैं। व्यवस्था न होने पर बोतल सहित पानी मिलेगा। इसके लिए यात्रियों को एक रुपये से पानी की मात्रा बढ़ने पर पांच रुपये तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
आरओ पानी की कीमत
1 रुपये में 300 एमएल
3 रुपये में आधा लीटर
5 रुपये में एक लीटर
8 रुपये में दो लीटर
20 रुपये में पांच लीटर