कालका। नगर परिषद कालका के अंतर्गत आते वार्ड नंबर 1-2 और 3 में रहने वाले लोग कई समस्याओं का सामना करते आ रहे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वह इन समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
इन तीनों वार्डों में पानी की किल्लत बड़ी समस्या है, वहीं किसी वार्ड में सीवरेज नहीं है तो कहीं रोड खस्ताहाल में है।
वार्ड नंबर-1 के लोगों का कहना है कि यहां सर्दी हो या गर्मी पानी की समस्या हमेशा ही बनी रहती है। अक्सर पानी का प्रेशर कम रहता है और सर्दियों में भी कई बार पानी की सप्लाई बंद कर दी जाती है।
गर्मियों में तो इस बार यहां रहने वाले लोग पानी के लिए कई कई दिन तक तरसते रहे, क्योंकि तीन-तीन दिन तक पानी की सप्लाई बंद रहने से परेशानी झेलनी पड़ी क्योंकि पानी की सप्लाई कब शुरू होगी इसका कुछ पता नहीं चलता था। लोग पानी स्टोर करने को मजबूर हो गए थे, जिसके चलते मच्छर जनित बीमारियां फैलने का भय बना रहता था।
इतना ही नहीं यहां की मुख्य सड़क पर जहां पर पीडब्लयूडी की ओर से ब्लॉक लगाए गए थे वह कई जगह से धंस गए हैं। इस कारण यहां आए दिन कोई न कोई वाहन चालक चोटिल होता रहता है। सड़क के साथ लगती मेन नाली की सफाई न होने के कारण गंदा पनी सड़क पर बहता रहता है।
वार्ड नंबर-2 में भी गर्मियों के दौरान पानी की समस्या गहरा जाती है। इस वार्ड के अंदर आने वाले टिब्बी मोहल्ला में कई जगह आज तक सीवरेज की व्यवस्था नहीं हो पाई है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को अनेक असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।