पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित राज्य स्तरीय जिलेवार कला कार्यशाला का तीसरा चरण बुधवार को संपन्न हो गया। लगातार तीन दिन से चल रहे कार्यशाला में शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। पंचकूला और अंबाला जिले की कार्यशाला में बनाए पोस्टर, स्टिल लाइफ, मिट्टी की कलाकृतियां, लिप्पन कला, क्राफ्ट वर्क, रंगोली, ऑयल पेस्टल को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यशाला में पहुंचकर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संध्या छिकारा ने कहा कि यहां विभिन्न प्रकार की कलाओं को एक ही मंच पर देखने का अवसर प्राप्त हुआ है।
हरियाणा शिक्षा विभाग की इस पहल से जहां शिक्षकों की कला में निखार आ रहा है, वहीं उन्हें कुछ नया सीखने की भी प्रेरणा मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की विभिन्न कलाओं को यहां कला शिक्षकों ने सीखा और करके दिखाया है। इससे उम्मीद है कि आने वाले समय में इससे छात्र भी बहुत कुछ सीखेंगे और आगे बढ़ पाएंगे। इस मौके पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संध्या छिकारा, खंड शिक्षा अधिकारी मोरनी अनूप नांदल, खंड शिक्षा अधिकारी पिंजौर सीमा रानी, खंड शिक्षा अधिकारी बरवाला जोगिंदर लाठर, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुररानी सुमन चौधरी, बीआरसी बरवाला रमेश बत्रा, बीआरसी रायपुररानी शालिनी कपूर ने कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया।