पंचकूला। ज्युडीशियल कांप्लेक्स की पार्किंग में जलभराव से वकीलों को परेशानी हो रही है। कच्ची पार्किंग होने के कारण जगह-जगह पर गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में कई बार गाड़ी फंसने डर बना रहता है। बारिश का पानी भरने के कारण वाहन पार्क करने में और चैंबरों तक पहुंचने में भी दिक्कत हो रही है। कई बार यहां से गुजरते समय वकीलों की ड्रेस भी खराब हो जाती है। पार्किंग को पक्की कराने के लिए हाईकोर्ट अऔर एडमनिस्ट्रेटिव साइट पर शिकायत भी की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
क्या कहते हैं वकील
ड्रेस हो जाती है खराब
पार्किंग से चैंबर तक आने में ड्रेस खराब हो जाती है। ऐसे हाल में जज के सामने दलीलें देनी पड़ती हैं। ऐसे में कई बार संकोच होता है। दूसरों के हक की लड़ाई लड़ने वालों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। -सुषमा ठाकुर, पंचकूला
हल्की बारिश में भर जाता है पानी
कच्ची पार्किंग है। वाहनों की आवाजाही से गहरे गड्ढे हो गए हैं। हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है। ऐसे में गाड़ी पार्क करने के बाद चैंबर तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। - जगपाल सिंह, पंचकूला
वाहन पार्क करने में होता है झगड़ा
यहां के हालात बहुत खराब हैं। जब तक पार्किंग पक्की नहीं होगी तब तक कीचड़ से ही गुजरना होगा। इसके लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को शिकायत दी जा चुकी है, पर समाधान नहीं हुआ। यहां डीसी दफ्तर से लेकर जिला अदालत में आने वाले लोगों के वाहन खड़े होते हैं। वाहन पार्क करने को लेकर आए दिन झगड़ा होता है। सभी को निकलने की जल्दी होती है। – अभिषेक राणा, पंचकूला
गाड़ी पार्क करने के लिए नियम नहीं
पार्किंग में रोजाना सैकड़ों गाड़ियां पार्क होती हैं। जिसका जहां मन होता है वाहन खड़ा कर निकल जाता है। यहां गाड़ी पार्क करने के लिए नियम नहीं है। गड्ढों में बारिश का पानी भरने से यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। पार्किंग में आने के बाद गाड़ी पार्क करने के लिए सोचना पड़ता है। - संजीव चौधरी, पंचकूला
कोट
एडीआर बिल्डिंग पर काम चल रहा है। इसका काम खत्म होने के बाद पार्किंग को पक्की कराया जाएगा। - एडवोकेट राकेश शर्मा, बार एसोशिएशन प्रधान पंचकूला