पंचकूला। सेक्टर-21 के कपड़ा व्यापारी से एक साल पहले हुई डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक साल से चमका दे रहे उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले आरोपी राजेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी राजेश बेहतर शातिर है। पुलिस ने एक साल के दौरान कई बार रेड की लेकिन वह चकमा देकर निकल जाता था। पुलिस की ओर से लगातार दबिश दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम एसएचओ युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इस टीम में सब इंस्पेक्टर भूप सिंह, एएसआई राकेश, सिपाही हिमांशु व सिपाही सुरेंद्र शामिल थे। टीम ने न सिर्फ तकनीकी सहायता से ठगी से जुड़े सबूत जुटाए बल्कि रेड के दौरान भी मुस्तैदी दिखाई। बीते 4 सितंबर को आरोपी राजेश कुमार को एटा जिले से गिरफ्तार किया गया।
ठगी में और भी लोग शामिल, जल्द हो सकती हैं गिरफ्तारियां
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस ठगी में और भी लोग शामिल हैं। आरोपी की निशानदेही पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर रही है। डीसीपी क्राइम ने बताया कि इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
क्या था मामला
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि 10 अक्तूबर 2024 को थाना साइबर क्राइम पंचकूला में सेक्टर-21 निवासी सोमेश मित्तल (43) ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका जीरकपुर में कपड़ों का व्यापार है। नवंबर 2023 में उन्हें टेलीग्राम के माध्यम से ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का लालच दिया गया और एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। उन्होंने एप इंस्टॉल कर ली और मार्च 2024 तक अलग-अलग समय पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए गए। जब उन्हें धोखाधड़ी का संदेह हुआ और संपर्क करना चाहा तो संबंधित नंबर बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी।