पंजाब में ओमिक्रान खतरे के बीच बढ़ते कोरोना संक्रमण से अब खतरे की आहट होने लगी है। इसके पीछे की वजह पंजाब के स्वास्थ्य विभाग का कोरोना को लेकर बनाया गया सांख्यिकी आधार है। जिस हिसाब से राज्य में 15 जनवरी तक दैनिक आने वाले संक्रमितों की संख्या 35000 तक पहुंच जाएगी। संक्रमण में यह बढ़ोतरी लगभग 100 गुना के बराबर होगी।
पंजाब के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य अब कोरोना की तीसरी लहर की ओर बढ़ने लगा है। विभाग ने संभावना जताई है कि बीते 10 दिन में सक्रिय मामलों की संख्या लगभग 100 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वर्तमान में यह संख्या 2901 है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या केवल 300 तक थी, लेकिन पिछले एक सप्ताह में यह बढ़ने लगी। एक सप्ताह पहले, स्वास्थ्य विभाग ने कहा था कि ताजा मामलों की दैनिक संख्या 5 जनवरी तक 1000 तक पहुंचने की संभावना थी, लेकिन राज्य ने गत मंगलवार को एक दिन पहले ही यह आंकड़ा छू लिया। जिसके बाद तीसरी लहर की आहट को लेकर स्वास्थ्य विभाग खासा चिंतित है।
24 घंटे में 2901 नए मामले, 1 की मौत
पंजाब में शुक्रवार को 24 घंटे में 2901 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। जबकि होशियारपुर जिले में 1 संक्रमित की मौत हो गई है। पटियाला अब भी सूबे का हॉटस्पाट बना हुआ है। यहां अकेले ही 831 संक्रमित मिले हैं, संक्रमण दर भी बढ़कर 33.05 प्रतिशत पहुंच गई है। सूबे की संक्रमण दर 11.75 प्रतिशत पहुंच गई है।