संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। रसूलपुर मल्ला के युवक की मौत की वजह काले पीलिया और एड्स बताने से अब समाज सेवी और किसान जत्थेबंदियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। किसान जत्थेबंदियों ने रसूलपुर मल्ला के युवक की कथित तौर पर चिट्टे की ओवरडोज से मौत होने का प्रेस नोट जारी किया था। यह सभी जत्थेबंदियों ने 28 अक्तूबर को जगरांव के एडीसी दफ्तर पर नशे के खिलाफ धरना देने का एलान कर दिया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने एक दिन पहले यानी 27 अक्तूबर को नशा विरोधी पैदल मार्च निकालने का एलान किया है।
इस बीच एक पत्रकार को नशा तस्कर द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। जिसने आग में घी का काम किया। पुलिस ने मंदीप को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी पर मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार कर लिया पर जनता का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इसके बाद समाजसेवी और किसान संगठनों ने शहीद नछत्तर सिंह धालीवाल हॉल में बैठक कर 28 अक्तूबर को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरना देने का एलान किया था। आप पार्टी के पैदल मार्च के एलान के बाद जत्थेबंदियों के नेता कामरेड कंवलजीत खन्ना, अवतार सिंह तारी और करमजीत माणुके ने कहा कि सरकार नशे के मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। आम आदमी पार्टी की नशा विरोधी मुहिम के राज्य बकोऑर्डिनेटर विक्रमजीत (विक्की) थिंद ने सफाई दी कि पैदल यात्रा पहले से तय थी।