चंडीगढ़। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव का हवाला देते हुए आप सरकार से पूछा है कि वे ग्रामीणों को बताए कि पौने चार साल में सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान जो वादे आप ने ग्रामीण विकास के संदर्भ में किए थे, क्या वे पूरे हुए या नहीं।
चंडीगढ़ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कालिया ने कहा कि इन चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता आए दिन बयानबाजी कर रहे हैं और विपक्षियों पर निशाना साध रहे हैं मगर ग्रामीणों के समक्ष यह नहीं बता रहे कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में उनके लिए अब तक क्या किया। आप नेता ऐसा करके ग्रामीणों का ध्यान गांवों की बदहाल सड़कों, लचर स्वास्थ्य सुविधाओं और अधूरे विकास कार्याें से भटकाना चाहते हैं।
कालिया ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने गांवों, किसानों और मजदूरों से किए चुनावी वादे पूरे नहीं किए। घोषणा पत्र में सर छोटू राम रेंट एक्ट को पुनः लागू करने, कर्ज में डूबे किसानों को राहत देने, फसल नुकसान पर मजदूरों को 10 हजार मासिक सहायता देने, किसान की बेटी के जन्म पर 21 हजार रुपये जमा करवाने, हर गांव में आम आदमी क्लिनिक बनाने, किसानों के बच्चों के लिए 10 लाख रुपये का शिक्षा ऋण देने, पंचायत उम्मीदवारों से नशा मुक्त हलफनामा लेने का वादा किया था। ग्रामीण मतदाता सिर्फ इतना जानना चाहते हैं कि इन वादों का क्या हुआ।