मोहाली। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार एक ऐसा हथियार है जिससे हम अपने लिए अच्छी सरकार चुन सकते हैं। मैंने अपने इस अधिकार को कभी नहीं छोड़ा, जब भी चुनाव हुए मैंने मतदान किया। पंजाब और देश के हर नागरिक से मेरी यही गुजारिश है कि आप भी अपने इस अधिकार का हर हाल में प्रयोग करें। वोट जरूर दें, क्योंकि आपक एक वोट भी आगामी लोकसभा चुनाव में निर्णायक हो सकता है। यह बात बॉलीवुड व पंजाबी फिल्म उद्योग के प्रसिद्ध अभिनेता व हास्य कलाकार गुरप्रीत घुग्गी ने विशेष बातचीत के दौरान कही। गुरप्रीत घुग्गी ने कहा कि कुछ सालों से वह मुंबई में रह रहे हैं, कभी-कभी कनाडा भी रहते हैं लेकिन जब भी चुनाव होते हैं, वह वोट डालने के लिए वसमय निकालकर पंजाब जरूर आते हैं। घुग्गी ने बताया कि उनका वोट जालंधर में है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोग वोट के महत्व को नहीं समझते हैं। कोई कहता है कि हमारे एक वोट से क्या बदल जाएगा, कोई सोचता है कि लाइन में लगकर वोट क्यों देना लेकिन उनको यह नहीं मालूम कि एक वोट से सरकार गिर भी सकती है और एक वोट से सरकार बन भी सकती है। अच्छी सरकार चुनना हम सबका दायित्व है और इसके लिए हम सबको अपने वोट की ताकत का इस्तेमाल करना होगा। बदलाव तभी आएगा।
उन्होंने कहा कि वोट डालना ही पर्याप्त नहीं है। वोट डालने के साथ ही यह भी समझना चाहिए कि आपको कैसी सरकार चाहिए। देश को अब लीडर की आवश्यकता है। राजनीतिज्ञ और लीडर में अंतर होता है। लीड करने वाले लोग कम होते हैं। हम वोट डालते समय कई बातों का ध्यान रखें। प्रत्याशी का ढंग से आकलन करें और वह आपकी उम्मीदों पर खरा उतरे तो ही उसे वोट दें।
घुग्गी ने कहा कि देश के युवाओं को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उनको अपने भविष्य को ध्यान में रखना होगा। जब हम वोट डालते हैं तो हम पांच वर्ष के लिए एक सरकार का चयन करते हैं इसलिए भी जरूरी है सही सरकार चुनें। संवाद