पंचकूला। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा शिक्षा विभाग के सहयोग से हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी की ओर से पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 में राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा के 15 जिलों से आए करीब 72 विद्यार्थियों की 34 प्रतियोगी टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुईं। इसमें विवेकानंद मिलेनियम विद्यालय, पंचकूला के छात्र दिव्यांश और खुशी ने पहला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोहाना के छात्र मोहित गोयल एवं रोशन ने दूसरा स्थान हासिल किया। छात्र संजीत राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बौंदकलां, चरखी दादरी व छात्रा हर्षिता राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बाधरा, चरखी दादरी को तीसरा स्थान मिला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पुंडरक, करनाल की छात्रा चिंकी व पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करनाल के छात्र ्रसत्यम को सांत्वना पुरस्कार हासिल हुआ। इस मौके पर चारों स्थानों के लिए नकद राशि भी इनाम स्वरूप दी गई। इस अवसर पर डॉ. मनीष बंसल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी एंव डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज, खंड शिक्षा अधिकारी, सीमा रानी, हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी से उपनिदेशक डॉ. उजीता बालियान, उपनिदेशक डॉ. हरप्रीत व राखी शर्मा सहायक निदेशक उपस्थित रहे।
छात्राओं ने जागरुकता रैली भी निकाली
डॉ. मनीष बंसल ने 300 छात्राओं की एड्स जागरुकता रैली को फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने एड्स के फैलने के कारण व बचाव के लिए उपाय बताते हुए कहा कि आज से 30 साल पहले जागरुकता के अभाव में आम लोगों में एचआईवी को लेकर बहुत डर होता था। उन्होंने कहा कि समाज में यदि कोई एड्स ग्रसित मरीज है तो हमें उसका सामाजिक सहयोग करना चाहिए। विद्यालय की प्रधानाचार्या बलजिंदर कौर ने छात्रों से आह्वान करते हुए कहा कि हमें समाज में एड्स से संबंधित जागरुकता को व्यापक रूप से फैलाना है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी, सतपाल कौशिक ने अपने संदेश में कहा कि एड्स की रोकथाम के लिए यह एक जरूरी व्यवहारिक जागरुकता से संबंधित कारगर प्रतियोगिता है।