पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को शहीद मेजर संदीप सांकला चौक सेक्टर-2 आयोजित कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में हुए शहीदों को नमन किया और शहीद मेजर संदीप सांकला को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिला सैनिक बोर्ड पंचकूला के सचिव कर्नल नरेश भी उपस्थित थे। वहीं कारगिल युद्ध में हुए शहीदों और शहीद मेजर संदीप सांकला को श्रद्धांजलि देने वालों में उनके पिता कर्नल जे.एस. कंवर के अलावा ब्रिगेडियर किरण कृष्ण, लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस कालिया, एडमिरल सुनील लांबा, लेफ्टिनेंट जनरल हरचरण सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल राज सुजलाना, लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल पी बक्शी, मेजर जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एयरफोर्स ग्रुप केप्टन आरके सेठी, कर्नल पांडे, शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल आईबी सिंह बावा की धर्मपत्नी लीली बावा और अन्य सेवानिवृत आर्मी ऑफिसर शामिल थे।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वे सभी देश और प्रदेशवासियों को बधाई देते हैं। कारगिल में लड़ते हुए भारतीय सेना के जवानों ने एक अद्भूत जीत दर्ज की थी। दुश्मन ऊंची जगह पर बैठा था और हमारी सेना ने वीरता का परिचय देते हुए कारगिल पर विजय झंडा फहराया। कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के 527 जवान शहीद व जख्मी हुए थे, उनमें से कुछ सैनिक हरियाणा से भी थे। उन्होंने कहा कि वे भारतीय सेना के जवानों को भी नमन करते हैं जो कड़ी सर्दी और तपती गर्मी में देश की सीमाओं पर पहरा देते हैं ताकि हम चैन की नींद सो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि तिरंगे का सम्मान सबसे ऊपर है और तिरंगे की शान को बढ़ाने के लिए 13 से 15 अगस्त को एक अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य तिरंगे को हर घर पर लहराना है। उन्होंने कहा कि पंचकूला में वॉर ममोरियल और शहीदों के स्मारकों के रखरखाव के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई हैं। नगर निगम इन सभी स्मारकों की देखरेख में खर्च होने वाली राशि मुहैया करवाएगा। यह कमेटी सभी स्मारकों के सौंदर्य व रखरखाव के लिए कार्य करेगी।
इस अवसर पर कारगिल शहीदों और अन्य शहीद हुए वीरों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर बाल कल्याण परिषद मानद महासचिव रंजीता मेहता, प्रमोद सोनी, जितेंद्र महाजन, पार्षद सोनू बिरला, रितू गोयल, हरेंद्र मलिक, सुदेश बिरला सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।