हाईवे से शहर तक जाम में कराहते रहे लोग
कालका-शिमला हाईवे पर एक घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस, सेक्टर-11/15 चौक पर आधा घंटा एंबुलेंस को नहीं मिला रास्ता
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। वीआईपी मूवमेंट के कारण बुधवार को पंचकूला शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालात ऐसे बने कि दो अलग-अलग स्थानों पर एंबुलेंस जाम में फंस गईं जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कालका-शिमला हाईवे पर टोल प्लाजा से लेकर ओल्ड पंचकूला के बीच दोपहर करीब तीन से शाम चार बजे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक रेंगता रहा।
वहीं, सेक्टर-11/15 चौक पर करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। एंबुलेंस में मौजूद मरीज और तीमारदार मदद के लिए इधर-उधर देखते रहे लेकिन वीआईपी मूवमेंट के कारण रास्ता नहीं खुल सका।
शहर में सुबह से ही ट्रैफिक दबाव बना रहा। हाईवे से लेकर आंतरिक सड़कों तक जाम की स्थिति रही और लोग घंटों सड़कों पर फंसे रहे। वीआईपी मूवमेंट के चलते की गई ट्रैफिक व्यवस्था ने एक बार फिर आपात सेवाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।