संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। रायतन क्षेत्र में बिजली की किल्लत के चलते को ग्रामीणों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बिजली समस्या के समाधान के लिए पंच, सरपंच सहित जिला परिषद सदस्यों के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसडीओ बिजली निगम पिंजौर को ज्ञापन सौंपा। जिला परिषद सदस्य मोनिका देवी, बीडीसी सदस्य प्यारा लाल शर्मा, देवेंद्र सिंह सरपंच मल्लाह, गुरदेव सरपंच चिक्कन, सुखदेव सरपंच बक्शीवाला, गुरचरण अंबका ने बताया कि पिंजौर रायतन क्षेत्र बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है।
दिन में लो वोल्टेज रहती है तो रात के समय तो बिजली आपूर्ति ठप ही रहती है। तेज आंधी आ जाए तो बिजली दिन-रात के लिए ठप रहती है। बिजली की सुचारु आपूर्ति न होने की वजह से न तो वे ट्यूबवेल चला पा रहे हैं, न ही बिजली से संबंधित अन्य काम कर पा रहे हैं। उन्होंने एसडीओ को ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि उनकी समस्या का समाधान कर बिजली आपूर्ति सही वोल्टेज के साथ लगातार दिया जाए।