बरवाला। कस्बा बरवाला में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
स्थानीय निवासी वकील सिंह, राजपाल, धर्मपाल, भागीरथ सिंह, संजीव कुमार, संतोष कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि बस स्टैंड से बरवाला-डेराबस्सी, बरवाला-नारायणगढ़, बरवाला-पंचकूला और बरवाला-अंबाला मार्गों सहित गांव की फिरनी पर कहीं भी सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण आपराधिक तत्व वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि कैमरों की कमी के कारण पुलिस को जांच में भी कठिनाई आती है और लोगों को निजी कैमरों के सहारे जानकारी जुटानी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन और ग्राम पंचायत से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
सरकार व जिला प्रशासन की ओर से उनके पास सीसीटीवी कैमरे लगवाने का पत्र आ चुका है। जल्द ही ग्राम पंचायत की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। सरपंच ओम सिंह, बरवाला