रायपुररानी। गांव मौली थाना रायपुररानी के ग्रामीणों ने भीम आर्मी से जुड़े कुछ शरारती तत्वों पर समाज में जातीय तनाव फैलाने और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने का गंभीर आरोप लगाया है। मनीष राणा सहित गांववासियों ने पुलिस को शिकायत सौंपते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार 6 अप्रैल को रामनवमी के शुभ अवसर पर गांव मौली स्थित गोगामाड़ी में भंडारा और खड़े की रस्म आयोजित की गई थी। इसी दिन गांव की एक दलित लड़की की शादी भी थी, जिसमें पूरे गांव ने मिलजुल कर सहयोग किया।
दोपहर के समय जब धार्मिक आयोजन चल रहे थे, तब बारात में आए कुछ युवक, जो स्वयं को भीम आर्मी के सदस्य बता रहे थे, उन्होंने घोड़ा-बग्गी पर सवार होकर नारेबाजी की और विशेष जाति के खिलाफ भद्दी-भद्दी टिप्पणियां कीं। गांववालों ने बताया कि उन्होंने लड़की की शादी का मामला समझते हुए उस वक्त कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन इसके बाद भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश जारी रही।
अब कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से गांव की महिलाओं के बारे में अभद्र व गंदी टिप्पणियां व पोस्ट कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। गांववासियों ने मांग की है कि सोशल मीडिया पर जहर फैलाने वाले इन तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में फिर से अमन-चैन बहाल हो सके। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।