चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने डीजीपी पीके अग्रवाल को एसजेएफ के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पन्नू ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर पूरे प्रदेश में डीसी कार्यालयों पर खालिस्तान का झंडा फहराने की बात कही थी। साथ ही खालिस्तान के नक्शे में हरियाणा को भी दिखाया था।
विज ने संज्ञान लेते हुए वायरल वीडियो को डीजीपी को भेजकर कानून अनुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व हरियाणा और पंजाब की शांति को भंग करना चाहते हैं। उनका मकसद राज्यों के विकास में खलल डालना है। ऐसे लोगों की हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। याद रहे कि पन्नू के खिलाफ हरियाणा विरोधी गतिविधियां चलाने के लिए बीते साल गुरुग्राम में मामला दर्ज हो चुका है। ब्यूरो