विल 2 विन अकादमी की एकतरफा जीत, हिमालय रॉकर्स बनाम ई.ई क्लब का मैच रद्द
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। विल 2 विन क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले गए मुकाबलों में एक ओर शानदार प्रदर्शन के साथ बड़ी जीत दर्ज की गई, वहीं दूसरे मैच में मौसम ने खेल का मजा किरकिरा कर दिया। पहले मुकाबले में विल 2 विन क्रिकेट अकादमी ने एटीएस को एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी।
एटीएस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विल 2 विन अकादमी ने 25 ओवर में तीन विकेट खोकर 204 रन बनाए। अनादिया ने 76 रनों की शानदार पारी खेली। ऋत्विक ने 65 रन और जयेश ने 47 रनों का अहम योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एटीएस की टीम दबाव में नजर आई और 25 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। विल 2 विन की ओर से गुरमान, जैविराज और आरबी ने दो-दो विकेट लेकर प्रभावशाली गेंदबाजी की। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जयेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में हिमालय रॉकर्स और द ईई क्रिकेट क्लब आमने-सामने थे। हिमालय रॉकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 237 रन बनाए। हर्ष ने शानदार शतक जड़ा, जबकि कार्तिक शर्मा ने 51 रनों की उपयोगी पारी खेली। द ईई क्रिकेट क्लब की ओर से अभिषेक अत्री ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते समय घने कोहरे के कारण खेल रोकना पड़ा और अंपायरों ने मैच रद्द घोषित कर दिया। शानदार शतक के लिए हर्ष को मैन ऑफ द मैच चुना गया।