पंचकूला। भाजपा ने रविवार को सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत लोगों को जागरूक कर मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। भाजपा द्वारा ‘सेवा ही संगठन’ अभियान के तहत सेवा दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्व में रविवार को जिलेभर में अभियान चलाया गया। जिला अध्यक्ष ने बताया कि पंचकूला में 8 मंडल आते हैं। हर मंडल में कोविड-19 गाइड लाइन का पालन कर पांच-पांच कार्यकर्ताओं की 10 टोलियां बनाई गईं।
80 टोलियों के साथ 200 स्थानों पर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। जिला पंचकूला के 8 मंडलों में करीब 20 हजार से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें मास्क, सैनिटाइजर के साथ केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों और महामारी से बचाव की जानकारी देने वाला पत्रक बांटा गया। डॉक्टर संजय शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ सत्ता के लिए ही राजनीति नहीं करती बल्कि सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है।
हमारे लिए समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए काम करना उसके जीवन को बचाना उसके जीवन को ऊपर उठाना यही भाजपा का लक्ष्य है। उसी लक्ष्य को पूरा करने में प्रदेश के मुखिया मनोहर लाल भाजपा के कर्मशील प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के निर्देशानुसार पार्टी के 15,000 से ज्यादा कार्यकर्ता आज के दिन प्रदेश भर में छह लाख से अधिक लोगों से संपर्क कर रहे हैं।