पंचकूला। हनुमान जी का जीवन शक्ति और पराक्रम के साथ-साथ अटूट भक्ति, निस्वार्थ सेवा और विनम्रता की प्रेरणा देता है। सच्ची शक्ति वही है, जिसका उपयोग दूसरों की सहायता और समाज के कल्याण के लिए किया जाए। यह बात सेक्टर-2 स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित श्री हनुमत महायज्ञ एवं कथा महोत्सव में यज्ञाचार्य चंडी प्रसाद बमोला ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कही।
1 से 7 नवंबर तक आयोजित अखंड होमात्मक श्री हनुमत महायज्ञ एवं कथा महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु हवन में आहुतियां अर्पित कर रहे हैं। यज्ञाचार्य ने कहा कि हनुमान जी के पास अपार शक्ति होने के बावजूद उनमें अहंकार नहीं था। युवाओं को उनके जीवन से अनुशासन, परिश्रम, साहस और गुरुजनों व माता-पिता के सम्मान की सीख लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों का सम्मान और समाज में सद्भाव बनाए रखना भी सच्ची भक्ति है। श्रद्धालुओं से नियमित हनुमान चालीसा का पाठ और श्रीराम नाम का स्मरण करने का आह्वान किया।
शाम को व्यास राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने हनुमत कथा का वाचन किया। मंदिर कार्यकारिणी के प्रधान पवन मित्तल, महासचिव यशपाल गोयल और उपप्रधान विजय अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा दे रहा है।