पंचकूला। सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में इलाज में लापरवाही से हुई 35 वर्षीय हार्ट पेशेंट आशीष कुमार की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग सवालों में घिर गया है। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद जांच का दायरा भी बढ़ गया है। पीएमओ के निर्देश पर वीरवार को नाइट डयूटी पर तैनात चारों डॉक्टरों को जांच में शामिल किया गया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई। चारों डॉक्टरों से सवाल पूछे गए कि अस्पताल में आने पर उसका इलाज शुरू क्यों नहीं हुआ। किस डॉक्टर की ड्यूटी कहां पर थी। इमरजेंसी के तुरंत बाद नीचे ही इलाज दे दिया जाता।
शिकायत के बाद भी फुटेज नहीं
परिवार का कहना है कि शिकायत के बाद भी फुटेज क्यों मिटने दी गई, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। मृतक की पत्नी पुष्पा ने सवाल उठाया कि घटना के तुरंत बाद लिखित शिकायत दर्ज कराने के बावजूद फुटेज और रैंप का पड़ताल सुरक्षित क्यों नहीं किया गया। डॉक्टरों की दलील है कि फ्लोर का बैकअप 15 दिन और इमरजेंसी व मेडिसिन का 6 महीने रहता है। परिजनों का आरोप है कि इस पीरियड में जानबूझकर दबाव बनाया गया ताकि रैंप पर तड़पने और स्टाफ द्वारा मदद न करने का सच सामने न आए।
छाती पर हाथ रखे खुद बाइक से पहुंचा
जांच कमेटी के सामने डाॅक्टरों को इमरजेंसी की सीसीटीवी फुटेज भी दाैहराई गई। फुटेज में रात 2.18 बजे आशीष छाती पर हाथ रखे खुद बाइक से इमरजेंसी पहुंचा था। पर्ची बनवाकर उसने थर्ड फ्लोर पर ईसीजी कराई। दिल की गंभीर दिक्कत सामने आने के बाद भी डॉक्टरों ने उसे बेड या स्ट्रेचर देने के बजाय पैदल ही तीसरे फ्लोर (कमरा नं. 600, हार्ट सेंटर) जाने के लिए कह दिया। लिफ्ट बंद थी और सीढ़ियों पर कवाड़ पड़ा था। आशीष रैंप से ऊपर चढ़ा और वहीं गिर गया।
ईसीजी कराकर रिपोर्ट लेकर डॉक्टरों के पास गया
परिजनों के अनुसार आशीष इमरजेंसी गया और ईसीजी कराकर रिपोर्ट लेकर डॉक्टरों के पास गया। वह सीने पर हाथ रखे तड़पता रहा, लेकिन डॉक्टरों ने स्ट्रेचर नहीं दिया। बंद लिफ्ट के कारण वह रैंप से पैदल गया और 2.36 से 2.48 के बीच तीसरे फ्लोर के रैंप पर गिर पड़ा। जब तक स्ट्रेचर से ऊपर पहुंचाया, उसकी मौत हो चुकी थी। आशीष की पत्नी पुष्पा ने ड्यूटी पर तैनात सभी डॉक्टरों और स्टाफ पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोट
आज चारों डॉक्टरों को जांच में शामिल किया गया है। हर तथ्य को बारीकी से देखा जा रहा है। इस मामले में जिस भी स्तर पर लापरवाही हुई है, उससे संबंधित कर्मचारी और डॉक्टर से पूछताछ होगी।
डॉ. आरएस चाैहान, पीएमओ