कालका में गीता भवन के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा, मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी जीआरपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। गीता भवन के समीप रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात दिल्ली-कालका शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन करीब 10 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी के अनुसार सोमवार रात करीब 12:16 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शताब्दी ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कालका उपमंडलीय अस्पताल (एसडीएच) की मोर्चरी में रखवा दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है।
जीआरपी ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ पर बल्लू नाम लिखा हुआ है। इसी आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी पहचान संबंधी जानकारी जुटा रही है।