माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। गांव बिल्ला के पास एक अनियंत्रित कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ऑटो चालक बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से ऑटो चालक को इलाज के लिए सेक्टर-6 सिविल अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शिवचरण (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में जितेंद्र कुमार निवासी गांव धनारी पट्टी तहसील गन्नौर जिला संभल उत्तर-प्रदेश हाल नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास झुग्गी में परिवार सहित रहता है। वह दिहाड़ी मजदूर है। उसने बताया कि उसके पिता शिवचरन ऑटो चलाने के साथ ही सब्जी बेचने का काम करता था। उसने बताया कि 10 नवंबर को शिवचरन सुबह ऑटो में सब्जी रखकर बेचने के लिए बरवाला साइड के गांव बिल्ला गए थे। जब वह देर रात तक नहीं आया तो परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की। इसके बाद रात 11.50 बजे अस्पताल से फोन आया कि उनके पिता शिवचरन का एक्सीडेंट हो गया है।
इसके बाद जितेंद्र अपने भाई सुरेश के साथ सेक्टर-6 सिविल अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने बताया कि गांव बिल्ला के पास शाम को 6.30 बजे शिवचरन पंचकूला आ रहा था। पीछे से आ रही अनियंत्रित कार चालक ने उसको टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।