पंचकूला। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने एक जुलाई को अपना 22वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर एसीएस पॉवर पीके दास ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि स्थापना दिवस पर यूएचबीवीएन ने ‘म्हारा गांव जगमग योजना’ में 22 अन्य नए गांवों को शामिल किया है। इस मौके पर निगम के पांच सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और चार अलग-अलग श्रेणियों के सर्वाधिक बिल अदा करने वाले उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान लाइन पर काम करते समय हताहत होने वाले कर्मचारियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए। इस मौके पर दो नए डिवीजन और 9 सब डिवीजन बनाने की घोषणा की गई। करनाल सर्कल के 33 केवी सब-स्टेशन ओल्ड पॉवर हाउस करनाल और झज्जर सर्कल के 33 केवी सब-स्टेशन को भी सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। एसीएस (पॉवर) पीके दास ने सीएसआर के तहत विभाग द्वारा सब-स्टेशन लेवल पर ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए पुस्तकालय स्थापित करने को कहा। उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अभियंताओं को ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के शैक्षिक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देने के लिए आग्रह किया।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शशांक आनंद ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के मनोबल को बढ़कर भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक शशांक आनंद, एडीजीपी विजिलेंस कुलदीप सिहाग, निदेशक परिचालन एसके बंसल, निदेशक वित्त अमित दीवान, निदेशक प्रोजेक्ट राजेश गुप्ता के अलावा, मुख्य अभियंता अधीक्षक अभियंता, कंपनी सेक्रेटरी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वर्ष-1999 में यूएचबीवीएन ने एचवीपीएन से अलग होकर स्वतंत्र रूप से अपनी विकास यात्रा शुरू की थी। निगम द्वारा पहली बार स्थापना दिवस को सामूहिक तौर पर उत्सव के रूप में मनाया गया।