पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, आरोपियों का एक दिन का रिमांड मंजूर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर क्षेत्र में अवैध खनन से भरे टिप्पर को छुड़वाने आए दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान बलवंत सिंह उर्फ बब्बू और गुरदेव सिंह उर्फ बिल्ला, निवासी जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार टिप्पर, दूसरी स्कॉर्पियो और तीन अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
घटना 3 दिसंबर की रात करीब 1 बजे की है। ईआरवी टीम पिंजौर के गांव नानकपुर स्थित दुकानों के पास नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को बिना नंबर का एक टिप्पर आता दिखाई दिया, जिसमें अवैध खनन सामग्री भरी थी। पुलिस द्वारा रुकवाने पर टिप्पर चालक घबरा गया और तुरंत किसी को फोन किया।
कुछ ही मिनटों में दो स्कॉर्पियो में चार युवक मौके पर पहुंच गए। पुलिस के रोकने के बावजूद इन युवकों ने टिप्पर चालक को टिप्पर भगाने के लिए उकसाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो तेज रफ्तार और लापरवाही से सीधे पुलिस की दिशा में चलाई, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। इसके बाद सभी आरोपी मौके से भागने लगे।
सूचना मिलते ही थाना पिंजौर प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह और मढ़ावाला चौकी इंचार्ज टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और चितकारा यूनिवर्सिटी क्षेत्र, मौजा नानकपुर के पास से एक स्कॉर्पियो और उसमें सवार दो युवकों को पकड़ लिया।
जांच अधिकारी एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि आरोपियों ने न सिर्फ अवैध खनन के वाहन को छुड़वाने की कोशिश की, बल्कि तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर पुलिसकर्मियों की जान को खतरे में डाला। इसके अलावा उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा भी उत्पन्न की, जो गंभीर अपराध है।
पुलिस ने कहा कि बाकी फरार आरोपियों और टिप्पर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। अवैध खनन के खिलाफ अभियान कड़ा किया जा रहा है और पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है।