माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। बस अड्डे के पास शनिवार को रात डेढ़ बजे रोडरेज के विवाद में स्कूटी सवार तीन युवकों ने दो कार सवारों पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक निखिल मित्तल और उसके दोस्त हार्दिक मेहता निवासी पीरमुछल्ला अपने दोस्त की शादी की सालगिरह की पार्टी अटेंड कर आ रहे थे। इस दौरान वह सेक्टर-5 बस स्टैंड के पास गाड़ी से पहुंचे तो उनकी गाड़ी एक स्कूटी से हल्की सी टकरा गई। इस पर तीन लोग सवार थे। गाड़ी के टकराने पर तीनों हार्दिक मेहता से बहस करने लगे। इस पर उसके दोस्त निखिल मित्तल ने आरोपियों का विरोध किया तो तीनों ने निखिल और हार्दिक पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल करने के बाद तीनों स्कूटी सवार भाग गए। निखिल और हार्दिक के पेट और पीठ पर जख्म हुए हैं। निखिल मित्तल और उसके दोस्त हार्दिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पीड़ित किसी तरह अपनी ही गाड़ी से अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने बताया कि घायलों के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।