महिला से 95500 रुपये जबकि मैनेजर से 50000 रुपये ठगे, साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पैन कार्ड अपडेट करवाने और बिजली बिल भेजकर ठगी करने के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में आरोपियों ने 145500 रुपये की चपत लगाई है। पैन कार्ड अपडेट करने के नाम पर महिला से 95500 रुपये ठगी की, जबकि बिजली बिल के नाम पर एक फार्मा कंपनी के मैनेजर से 50000 रुपये ऐंठे। दोनों मामलों में साइबर पुलिस ने मामले दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21 निवासी सलमा ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। उसका प्राइवेट बैंक में खाता है। 30 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एक निजी बैंक का कर्मचारी बताकर पैन कार्ड अपडेट नहीं होने की जानकारी दी। व्यक्ति ने कहा कि जल्द वे पैन कार्ड अपडेट करवाएं नहीं तो बैंक खाता ब्लॉक हो जाएगा। इस पर शिकायतकर्ता ने आरोपी ने प्रक्रिया पूछी। आरोपी ने शिकायतकर्ता को लिंक भेजकर एक एप डाउनलोड करने को कहा। उसमें बैंक खाता संबंधित पूरी जानकारी भरने को कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरी डिटेल भर दी। इसके तुरंत बाद शिकायतकर्ता के खाते से 95500 रुपये कट गए। ठगी की जानकारी मिलते ही साइबर थाने में मामले की शिकायत दी गई।