ढाबे और गैस डिलीवरी वाहन से चुराए थे सिलिंडर, पुलिस ने निशानदेही पर दोनों बरामद किए
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने गैस सिलिंडर चोरी की दो वारदातों का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दो गैस सिलिंडर भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक ढाबे और गैस डिलीवरी वाहन से सिलिंडर चोरी किए थे।
डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17 निवासी शुभम के रूप में हुई है। 24 जुलाई को गांव अभयपुर निवासी एक व्यक्ति ने सेक्टर-19 पुलिस चौकी में शिकायत देकर बताया था कि उसके ढाबे से भारत गैस का एक खाली सिलिंडर चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि 22 जुलाई को गांव अभयपुर में गैस सिलिंडर की डिलीवरी करने आए पिकअप वाहन से भी उसने एक सिलिंडर चोरी किया था। आरोपी ने बताया कि चालक जब सिलिंडर घर के अंदर पहुंचाने गया, उसी दौरान उसने वाहन के पीछे से सिलिंडर उठा लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित ग्रीन पार्क क्षेत्र से चोरी किए गए दोनों गैस सिलिंडर बरामद कर लिए। बरामदगी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।