पंचकूला। जिले में कोरोना संक्रमण का मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में रविवार को जहां दो लोगों की मौत हो गई है, वहीं 71 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। संक्रमण से दम तोड़ने वालों में सेक्टर-12 का 61 वर्षीय बुजुर्ग और रत्तेवाली का 34 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। जिले में अब तक 93 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है। इसके अलावा रिकवरी रेट भी 80 फीसदी तक पहुंच गया है।
पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर का कहना है कि जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। पंचकूला में मौजूदा समय में केवल 661 सक्रिय मरीज हैं। उनका इलाज स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचकूला जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेस्टिंग की दर भी बढ़ा दी गई हैं। इस कारण ज्यादा संक्रमित मामले पकड़ में आ रहे हैं।
पंचकूला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले में रविवार को 71 मामले पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 32 मामले पंचकूला के शामिल हैं। अब तक जिले में कुल 8268 मामले आए हैं, जिनमें से 6221 पंचकूला के हैं। इनमें से 5467 कोरोना रोगी ठीक हो गए हैं। अब जिले में 661 मामले एक्टिव हैं। 69669 लोगों के आरटी, पीसीआर, रैपिड एंटीजन के नमूने लिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि भैंसा टिब्बा, खटौली, रतेवाली, सेक्टर-9, 12, 12ए, 14, 16 और 21 में एक-एक मामला पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा बीड़ घग्गर, मोरनी और सेक्टर-8 में दो-दो, सेक्टर-7 में 3, रायपुररानी और सेक्टर-26 में चार-चार, सेक्टर-20 में छह मामले पॉजिटिव मिले हैं। इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट किया जा रहा है। पंचकूला स्वास्थ्य विभाग के नोडल ऑफिसर डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों के परिजनों को भी आइसोलेट करने की प्रक्रिया में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते कहा है कि बाहर से पंचकूला आने वाले अपना कोरोना जरूर टेस्ट करवाएं, जिससे कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।