पंचकूला। सेक्टर-12ए स्थित अंडरपास के समीप वीरवार देर शाम दो कारों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि अंडरपास के पास दोनों कारें अचानक आमने-सामने आ गईं, जिससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर वाहनों के पुर्जे बिखर गए।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की। राहत की बात यह रही कि दोनों कारों में सवार लोग बाल-बाल बच गए और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते उन्हें सड़क से हटाने में समय लगा और यातायात सामान्य होने में देर हुई।