संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। रविवार देर रात जीटी रोड स्थित थाना कैंटोनमेंट के बाहर दो कारों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और एक कार टक्कर के बाद डिवाइडर पार कर दूसरी साइड जा गिरी। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं और एक वाहन के अचानक मुड़ने से यह टक्कर हुई।
सूचना मिलने पर थाना कैंटोनमेंट की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य किया तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।