मोहाली। एयरपोर्ट से ऑटो में सवार होकर डेराबस्सी जा रहे दो युवकों को मारपीट कर उन्हें अगवा करने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, आरोपी हरियाणा नंबर की कार में दोनों युवकों को अगवा कर ले गए हैं। बताया जा रहा है कि अगवा किए गए दोनों युवक दुबई से आए थे। ऑटो चालक रिंकू की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सोहाना थाने में मारपीट व किडनैपिंग का मामला दर्ज कर लिया गया है। सोहाना थाने के एसएचओ ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है। साथ ही दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि अब तक यह पता नहीं चल सका है कि अगवा किए गए युवक कौन हैं। पुलिस उनके बारे में भी छानबीन कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में ऑटो चालक रिंकू ने बताया कि बुधवार को वह एयरपोर्ट के बाहर खड़ा होकर सवारियों का इंतजार कर रहा था। तभी वहां पर दो युवक आए। उनका कहना था कि वह दुबई से आए हैं और उन्हें डेराबस्सी स्थित गुलमोहर सिटी में जाना है। इसके बाद वह दोनों युवकों को अपने ऑटो में बैठाकर डेराबस्सी के लिए निकल पड़ा। जब वह गांव सफीपुर के नजदीक पहुंचा तभी पीछे से एक कार आई। कार सवारों ने एकदम से उसके ऑटो के आगे कार लगा दी और कार से उतरकर ऑटो में बैठे दोनों युवकों से मारपीट शुरू कर दी। इससे वह भी काफी डर गया। इसके बाद आरोपी उन दोनों युवकों को अपनी कार में डालकर ले गए। उसने किसी तरह से कार का नंबर नोट कर लिया। पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत के बाद पुलिस व सीआईए की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। साथ ही घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि पुलिस टीमें विभिन्न एंगल पर काम कर रही है। पुलिस अब हरियाणा नंबर की कार की वेरिफिकेशन करवाने में जुट गई है ताकि पता लगाया जा सके कि आखिर कार मालिक कौन है। उन्होंने बताया कि अभी तकयह भी पता नहीं है कि आरोपी किसे अगवा कर ले गए हैं।
शहर में लगातार बढ़ रहा क्राइम
जानकारी के मुताबिक, मोहाली शहर व जिले में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। अभी
कुछ दिन पहले बलौंगी में सिंगर पर बाइक सवारों ने जानलेवा हमला किया था। इसी तरह सेक्टर-80 से गन प्वाइंट पर बिजनेसमैन से कार छीनी गई थी।
वहीं, जीरकपुर में छत पर सो रहे दो लोगों का मर्डर हुआ था। जीरकपुर में रेप समेत कई वारदातें सामने आई थी। पुलिस अपराधों को रोकने में फेल साबित हो रही है।