यूपी निवासी दो युवक काबू, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला, हिसार और मोहाली की स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गर्भ में लिंग जांच का झांसा देकर ठगने वाले दो युवकों को रंगेहाथ काबू किया है। आरोपी लालड़ू के गांव रामपुर बहल में हरियाणा की गर्भवती महिलाओं का फर्जी अल्ट्रासाउंड कर झांसा देकर रुपये ऐंठते थे। स्वास्थ्य विभाग टीमों ने मौके पर यूपी निवासी राहुल और नीतीश को पकड़ा है। दोनों से लैपटॉप और 60 हजार रुपये नकदी बरामद की है। मामला पुलिस को साैंप दिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
इस तरह करते थे धोखाधड़ी
आरोपी पेट में स्टेथोस्कोप घुमाकर जांच करने का झांसा देते थे। बगल में लगे लैपटाॅप में यूट्यूब से डाउनलोड की गई अल्ट्रासाउंड की वीडियो दिखाते थे। वह गर्भ में अधिकतर लड़का होने की बात कहते थे। इसलिए जांच कराने वाले खुश होकर आरोपी राहुल और नीतीश 80 हजार रुपये तक दे देते थे।
सिविल सर्जन संगीता जैन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच के लिए भेजी गई थीं। जांच में अल्ट्रासाउंड की मशीन नहीं मिली है। एक लैपटॉप मिला है। आरोपी यूपी के हैं। यूपी सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए कि उनके राज्य से आकर लोग दूसरे राज्यों में ठगी कर रहे हैं। हरियाणा से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहाली पुलिस को बरामद सामान साैंप दिया है।
कोट्स
हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। केवल एसएमओ ने जांच के लिए कहा है। इस मामले में कुछ रिकवरी नहीं हुई है। ऑनलाइन भुगतान की कुछ बात कही जा रही है, उसकी जांच कर रहे हैं।
-आकाश शर्मा, एसएचओ थाना लालड़ू