दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, एक कट्टा बरामद
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने 14 अगस्त को दो अवैध हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिजेंद्र कुमार (21) निवासी गांव सिकंदरपुर जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश और विक्रम सिंह निवासी गांव बरोटीवाला, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने 15 अगस्त को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से बिजेन्द्र को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, विक्रम को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि क्राइम ब्रांच-26 की टीम को 14 अगस्त को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक युवक भोले शंकर पेट्रोल पंप मढ़ावाला के पास देसी कट्टा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और बिजेंद्र कुमार को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी देशी कट्टे का कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा पाया। एसीपी ने बताया कि वर्तमान में बिजेंद्र गांव दामुवाला, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश रहता है। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसी दिन आरोपी के साथी विक्रम सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया, जिससे बिजेन्द्र ने यह देशी कट्टा खरीदा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पिंजौर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(बी) के तहत केस दर्ज किया है
एसीपी ने बताया कि पुलिस का मानना है कि विक्रम मुख्य सप्लायर के बारे में अहम जानकारी रखता है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।