दोनों आरोपी कैथल के रहने वाले, पुलिस रिमांड पर कर रही है पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। इंग्लैंड का वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस की एंटी एमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कैथल निवासी सतपाल सिंह और कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंग्लैंड का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर उससे 10 लाख रुपये की ठगी की गई। रायपुररानी थाना पुलिस ने 20 अगस्त 2025 को मामला दर्ज किया था। इसके बाद जांच एंटी एमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को सौंप दी गई थी। यूनिट इंचार्ज योगविंद्र सिंह और जांच अधिकारी गुरबचन सिंह ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर ठगी गई रकम की बरामदगी और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।