ट्रक चालक को ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ा।
- फोटो : PKL OFFICE
पिंजौर। पंचकूला पिंजौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेबर कॉलोनी सूरजपुर के समीप सड़क पार कर रही बुजुर्ग ट्रक की चपेट में आ गई। राहगीरों की मदद से 71 वर्षीय महिला ममता को सेक्टर 6 के अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पूर्व सरपंच योगेंद्र ठाकुर ने बताया कि शनिवार सुबह बुजुर्ग पेंशन लेने के लिए अमरावती एनक्लेव जा रही थी। इस दौरान हादसा हुआ। वहीं, चौकी इंचार्ज अमरावती मान सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
भाग रहा ट्रक चालक नाके पर गिरफ्तार
एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि वे मल्लाह चौक ट्रैफिक लाइट पर तैनात थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि एक ट्रक चालक महिला को टक्कर मार कर घटना स्थल से पिंजौर की ओर भाग रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने अपनी टीम सहित पिंजौर की ओर आते ट्रक को रोककर ट्रक चालक को काबू कर पीसीआर और पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद ट्रक चालक को पीसीआर के हवाले कर दिया।