संवाद न्यूज एजेंसी।
पिंजौर। पिंजौर-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसे गांव रामपुर जंगी के सामने एक ट्रक और टिप्पर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में दोनों चालकों की मौत हो गई। सुबह करीब पौने छह बजे हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से दोनों वाहनों के चालकों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान रमेश चंद निवासी दीननगर गुरदासपुर पंजाब और कल्लू बुलंदशहर यूपी निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पंचकूला से आ रही एक फुल बाड़ी ट्रक को रमेश चंद निवासी दीननगर गुरदासपुर पंजाब चला रहा था। रात का माल खाली करके ट्रक को वापव बद्दी की तरफ ला रहा था। सड़क पर फोरलेन का काम चल रहा है। गांव रामपुर जंगी के तीव्र मोड़ पर बद्दी की तरफ से आ रहे टिप्पर को कल्लू निवासी बुलंदशहर यूपी चला रहा था। यहीं पर दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मढ़ावाला पुलिस चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहंचे। मढ़ावाला पुलिस चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह ने बताया की पुलिस को सूचना मिली की शुक्रवार सुबह करीब पौने छह बजे दो भारी वाहनों की टक्कर हो गई है। घटनास्थल पर जाकर दोनों चालकों को एक क्रेन की मदद से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए नानकपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, वहां डॉक्टर ने दोनों चालकों को मृत घोषित कर दिया।