संवाद न्यूज एजेंसी
कपूरथला। कपूरथला के विद्यार्थी चारूव्रत बैंस ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए चीन में होने वाले 18वें अंतरराष्ट्रीय अर्थ साइंस ओलंपियाड 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त किया है। लंबी और कठिन प्रक्रिया के बाद देश भर से केवल 4 विद्यार्थी इस अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड के लिए चुने गए हैं, जो 7 से 17 अगस्त तक चीन के जीनिंग शहर में होने वाले इस ओलंपियाड में भारत का तिरंगा लहराएंगे।
विद्यार्थी चारूव्रत बैंस पंजाब के पीसीएस अधिकारी लाल विश्वास बैंस और एनआईटी जालंधर की सहायक प्रोफेसर शीतल सोडा के पुत्र हैं, जो एमजीएन स्कूल के विद्यार्थी हैं। कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल ने आज शुक्रवार को विद्यार्थी चारूव्रत बैंस की इस शानदार उपलब्धि को न केवल कपूरथला बल्कि पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात बताते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा यह हम सभी के लिए खुशी की बात है कि छोटे से शहर कपूरथला का एक विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेगा। उन्होंने कहा कि इससे कई अन्य विद्यार्थी प्रेरित होंगे।
उल्लेखनीय है कि चारूव्रत बैंस ने इंडियन नेशनल अर्थ साइंस ओलंपियाड 2025 का ऑल इंडिया प्रवेश परीक्षा पास की और सावित्री बाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में 9 मई से 2 जून तक प्रशिक्षण लिया। इस प्रशिक्षण के दौरान देश भर से चुने गए विद्यार्थियों में से उनकी पहले चार में चयन हुआ, जो देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले, चारूव्रत बैंस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी के लिए अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई में 28 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेना होगा।