बरवाला। बरवाला सब स्टेशन के अंतर्गत पड़ने वाले कई गांवों की बिजली सप्लाई करीब पांच दिन से ठप पड़ी है। इस कारण बिना बिजली के ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। गांव ककराली के बहादुर राणा, जंग बहादुर, गगन पाल, ठरवा गांव के भूपेंद्र सिंह, बहबलपुर वासी सुभाष फौजी, गोलपुरा वासी पुरुषोत्तम शर्मा, बाग वाली वासी इंदर सिंह, मौली वासी सुखविंदर सिंह ने बताया कि समानवा, ककराली , सरकपुर, ग्लोबल इंडस्ट्री, जवाहर नवोदय विद्यालय मौली फीडर पर केवल छह कर्मचारी हैं।
इसमें एक लाइनमैन बाकी पांच कलेक्टर रेट के कच्चे कर्मचारी हैं। अधिक फीडर और लंबी लाइनें होने के कारण बारिश के समय तेज हवाओं से कई गांवों की बिजली व्यवस्था कई दिनों तक ठप हो जाती है। इसको सुचारु करने में कई दिन लग जाते हैं। इससे ग्रामीणों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि वह अपनी इस समस्या को लेकर कई बार बिजली मंत्री से भी मिल चुके हैं लेकिन उन्हें आज तक आश्वासन के सिवाय कुछ भी नहीं मिला है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति काफी रोष है।
पेयजल की हो रही दिक्कत
उन्होंने बताया कि सुचारु रूप से बिजली न मिलने से उन्हें पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ता है। रात के समय गांवों में अंधेरा होने के कारण चोरी आदि की घटनाओं का भी डर सताता रहता है। पर्याप्त बिजली न मिलने से गांव में रात के समय चोरी की घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जगमग योजना के तहत लोगों को 24 घंटे बिजली देने के बात कह रही है, लेकिन धरातल पर सरकार की यह बातें सिरे चढ़ती नजर नहीं आ रही हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार और विभाग को बिजली कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती कर लोगों को 24 घंटे समय पर बिजली सप्लाई देनी चाहिए। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली निगम की तरफ से उनकी इस समस्या का जल्द हल नहीं किया गया तो ग्रामीण इकट्ठे होकर बिजली कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी बिजली निगम की होगी।
कई दिन से बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगह पर बिजली के खंभे और तार टूटने से बिजली सप्लाई बाधित हुई है। इसको ठीक करने के लिए बिजली कर्मचारी लगे हैं। जल्द ही बिजली सप्लाई सुचारु करवा दी जाएगी। - आशीष चोपड़ा, एसडीओ, बिजली कार्यालय बरवाला