पंचकूला। दशहरा पर्व पर सेक्टर-5 शालीमार ग्राउंड में ट्राइसिटी का सबसे बड़ा 180 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलाया जाएगा। खास बात यह है कि लगभग एक दशक बाद शालीमार ग्राउंड में रावण कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन होगा। इस बार आतिशबाजी का नजारा भी बेहद शानदार होगा। दशहरा उत्सव में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का दहन 6 रिमोट प्वाइंट रिमोट कंट्रोल से किया जाएगा। पुतलों के मुंह से आग के गोले निकलेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे। यहां दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। हरियाणवी गायक ताऊ तेजपाल एंड पार्टी दर्शकों को गाने सुनाएंगे। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे रावण के पुतले का रिमोट से दहन किया जाएगा।
दशहरा देखने 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान
श्रीमाता मनसा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट दशहरा कमेटी और आदर्श रामलीला ड्रामाटिक क्लब की ओर से संयुक्त तौर पर दशहरा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। दशहरा समारोह में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, दहन से 28 घंटे पहले रावण खड़ा कर दिया गया है। रावण के पुतले को बनाने में साढ़े तीन महीने का वक्त लगा है और 15 कारीगरों ने तैयार किया है। इसे बनाने में करीब 48 लाख का खर्चा आया है। पुतले को बनाने में करीब साढ़े साढ़े सात टन लोहा, 300 बांस के टुकड़े, करीब 2500 मीटर लंबा मैट, 3500 मीटर कपड़ा और एक क्विंटल फाइबर से रावण का चेहरा तैयार किया गया है। वहीं, पुतलों के दहन से पहले विशेष रूप से तैयार की गई इको-फ्रेंडली आतिशबाजी भी की जाएगी जो वातावरण को प्रदूषण से बचाने के साथ-साथ रंग-बिरंगी रोशनी और धमाकों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी। तीनों पुतलों में 5,000 पटाखों का इस्तेमाल होगा, जिनमें से 3,000 पटाखे रावण और 1,000-1,000 मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों में लगाए जाएंगे।
शहर में छह जगह होगा दहन
शहर में छह जगहों पर रावण का दहन होगा। इनमें शहरी क्षेत्र में सेक्टर-5 दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-15 के मंडी ग्राउंड, सेक्टर 19, सेक्टर-21 में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन शाम साढ़े पांच बजे किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और तीनों पुतलों को बुधवार की दोपहर मैदान में एक बजे मैदान में खड़े कर दिए गए हैं। लोग सुबह से ही पुतलों को देखने ग्राउंड पहुंच रहे हैं।
इन रास्तों पर होगा ट्रैफिक का ज्यादा दबाव
-सेक्टर- 8 व 9 डिवाइडिंग रोड
-सेक्टर- 9 व 10 डिवाइडिंग रोड
-सेक्टर-2 व 4 डिवाइडिंग रोड
-तवा चौक से सेक्टर 11/15 चौक का रास्ता
-बेलाविस्टा से माजरी चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर शाम चार बजे के बाद ज्यादा जाम होगा