पंचकूला। हरियाणा खेल विभाग की ओर से सेक्टर-3 के ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय खेलो इंडिया स्टेट एक्सीलेंस सेंटर की चयन प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई। प्रदेश के कोने-कोने से आए लगभग 500 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब सबकी नजरें मंगलवार को आने वाले परिणाम पर टिकी हैं। चयन परीक्षण के दौरान मुख्य आकर्षण बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और बैडमिंटन रहे। विभाग द्वारा निर्धारित सीटों के अनुसार, बॉक्सिंग में 16 लड़कियां और सात लड़के, एथलेटिक्स में 15 लड़के व 15 लड़कियां और बैडमिंटन में भी 15 लड़के व 15 लड़कियों का चयन किया जाना है। हालांकि, बॉक्सिंग के प्रति खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जहां कुल 50 लड़कों और 25 लड़कियों को एक्सीलेंस सेंटर के लिए शॉर्टलिस्ट करने का लक्ष्य रखा गया है।
कड़े मानकों पर परखी गई खिलाड़ियों की फुर्ती
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को कड़े चयन मानदंडों से गुजरना पड़ा। विशेषज्ञों और कोच की टीम ने खिलाड़ियों के शारीरिक सामर्थ्य के साथ-साथ उनके तकनीकी कौशल और मूव्स की बारीकी से जांच की। ताऊ देवी लाल स्टेडियम में देर शाम तक चली इस प्रक्रिया में पंचकूला के अलावा आसपास के जिलों के बच्चों ने भी पूरे दमखम के साथ हिस्सा लिया।
मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं
जिला खेल अधिकारी राजबीर ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को तराशना है। एक्सीलेंस सेंटर में चुने जाने वाले खिलाड़ियों को विभाग की ओर से विश्व स्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल उपकरण, विशेष डाइट और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हरियाणा और देश का नाम रोशन करेंगे।